जुलाई से 4 नवंबर तक अलग-अलग राज्यों से खोज निकाले 250 मोबाइल फोन, एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर मोबाइल ऐप सेल की बड़ी कामयाबी
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की मोबाइल ऐप सेल ने जुलाई से 4 नवंबर 2026 तक अभियान चलाकर 250 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 55 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे जाने पर लंबे समय से अपने फोन की तलाश कर रहे लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मोबाइल फोन गुम होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जनपद स्तर पर गठित मोबाइल ऐप सेल को जल्द से जल्द मोबाइल फोन बरामद करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन/हल्द्वानी रविकान्त सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा मोबाइल ऐप (साइबर सेल) प्रभारी उपनिरीक्षक मीनू गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की।
शिकायतकर्ताओं से प्राप्त प्रार्थना पत्रों के आधार पर गुम हुए मोबाइल फोन के IMEI नंबरों को CEIR पोर्टल के माध्यम से ट्रेस किया गया। तकनीकी निगरानी और लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, राजस्थान, दिल्ली और उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से मोबाइल फोन बरामद किए।
बरामद किए गए 250 मोबाइल फोन में 7 आईफोन, 40 सैमसंग, 58 ओप्पो, 13 वनप्लस, 19 रियलमी, 45 वीवो, 7 मोटोरोला, 1 नोकिया, 7 इनफिनिक्स, 23 रेडमी, 17 पोको, 8 आईक्यू, 2 टेक्नो और 3 आईटेल कंपनी के फोन शामिल हैं।
अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों ने नैनीताल पुलिस और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी का आभार जताया। पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल 250 लोगों को राहत मिली, बल्कि मोबाइल चोरी और गुमशुदगी के मामलों में तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल की मिसाल भी पेश हुई।






