शारीरिक शोषण से तंग आकर घर छोड़कर चली गई थी 16 वर्षीय किशोरी, गुमशुदगी दर्ज कराने वाले सौतेले पिता पर ही निकला आरोप
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 16 वर्षीय किशोरी ने अपने सौतेले पिता पर दुष्कर्म और शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। आरोप है कि सौतेले पिता की हरकतों से परेशान होकर किशोरी घर छोड़कर हिमाचल प्रदेश स्थित अपनी बड़ी बहन के घर चली गई थी। इधर, सौतेले पिता ने ही उसके अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद करने के बाद उसके बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, 28 नवंबर 2026 को एक व्यक्ति ने कोतवाली ज्वालापुर में तहरीर देकर अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की। एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने खोजबीन करते हुए किशोरी को हिमाचल प्रदेश में उसकी बड़ी बहन के घर से सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ के दौरान किशोरी ने बताया कि उसके पिता की मृत्यु के बाद मां ने दूसरी शादी कर ली थी। इसके बाद उसका सौतेला पिता कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म करता था। लगातार शारीरिक शोषण से परेशान होकर वह बिना किसी को बताए घर से निकलकर अपनी बहन के पास चली गई थी।
किशोरी के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी सौतेले पिता सचिन कुमार निवासी सीतापुर, ज्वालापुर को चार नवंबर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दर्ज मुकदमे में दुष्कर्म से संबंधित बीएनएस और पॉक्सो अधिनियम की धाराएं भी बढ़ा दी हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।






