लालकुआं से किच्छा जा रहे थे स्कूटी सवार युवक, हादसे के बाद परिजनों में मचा कोहराम
लालकुआं। लालकुआं और पंतनगर थाना क्षेत्र के बीच नगला दवाईफार्म के पास तेज रफ्तार कैंटर और स्कूटी की भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, स्कूटी सवार 22 वर्षीय चेतन बिष्ट निवासी पश्चिमी दौलतपुर, काठगोदाम और 23 वर्षीय दीक्षित बिष्ट निवासी भवाली लालकुआं से किच्छा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नगला दवाईफार्म के पास एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद दोनों को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों की जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जानकारी जुटाई।
एक ही हादसे में दो युवा जिंदगियां खत्म होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से सड़क पर पैदा होने वाले खतरे को उजागर कर दिया है।






