दोपहर तक 100 से अधिक यात्रियों ने किए ओम पर्वत के दर्शन, शाम को शुरू हुई बर्फबारी; पिथौरागढ़ समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश
धारचूला/पिथौरागढ़। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। आदि कैलाश और कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग के नाभीढांग में एक बार फिर बर्फबारी हुई है। पिछले तीन-चार दिनों से इन क्षेत्रों में कभी तेज धूप तो कभी हिमपात का सिलसिला जारी है। रविवार को दोपहर तक मौसम अनुकूल रहने से 100 से अधिक यात्रियों ने ओम पर्वत के दर्शन किए, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने करवट बदली और बर्फबारी शुरू हो गई। वहीं, पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय समेत जनपद के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

रविवार सुबह से दोपहर तक नाभीढांग और ओम पर्वत क्षेत्र में मौसम साफ रहा। इसका लाभ उठाते हुए 100 से अधिक यात्रियों ने ओम पर्वत के दर्शन किए। हालांकि, अपराह्न करीब चार बजे के बाद अचानक मौसम बदलने लगा और क्षेत्र में हल्की बर्फबारी शुरू हो गई। केएमवीएन नाभीढांग के प्रबंधक नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि क्षेत्र में मौसम लगातार बदल रहा है। यदि देर रात तक बर्फबारी जारी रहती है तो सोमवार तक यहां एक फीट से अधिक बर्फ जमा होने की संभावना है।
आदि कैलाश क्षेत्र में भी बदला मौसम
आदि कैलाश क्षेत्र में भी रविवार दोपहर बाद मौसम बिगड़ने लगा। ग्राम कुटी में होम स्टे संचालक कुंवर कुटियाल के अनुसार, आदि कैलाश क्षेत्र में हल्की बर्फबारी हुई, जबकि करीब 12,303 फीट की ऊंचाई पर स्थित कुटी गांव में दोपहर बाद से रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही।
बारिश से बढ़ी ठंड, तापमान में गिरावट
इधर, पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय समेत जनपद के विभिन्न हिस्सों में रविवार शाम करीब चार बजे से तेज बारिश हुई। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है। सुबह और शाम के समय ठंड का असर भी बढ़ गया है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सर्दी बढ़ने लगी है।






