सीनियर छात्रों पर गाली-गलौज और ‘बॉस’ कहकर बुलाने का दबाव बनाने का आरोप, प्रबंधन ने शुरू की जांच
हल्द्वानी। राजकीय नर्सिंग कॉलेज हल्द्वानी में रैगिंग का मामला सामने आने से कॉलेज की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर निवासी एक छात्र ने सीनियर छात्रों पर अभद्रता करने, गाली-गलौज करने और उन्हें ‘बॉस’ कहकर संबोधित करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। घटना से मानसिक रूप से परेशान छात्र ने दाखिला लेने के अगले ही दिन कॉलेज छोड़ दिया और प्रबंधन से अपना प्रवेश निरस्त करने की मांग की। शिकायत मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, छात्र ने पांच अक्तूबर को राजकीय नर्सिंग कॉलेज में दाखिला लिया था। छात्र की ओर से कॉलेज प्रबंधन को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि दाखिले के दिन ही कुछ सीनियर छात्रों ने उसे अपने कमरे में बुलाया। वहां उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और गाली-गलौज की गई। आरोप है कि सीनियर छात्रों ने उसे उन्हें ‘बॉस’ कहकर संबोधित करने के लिए भी दबाव बनाया।
छात्र का कहना है कि इस घटना से वह मानसिक रूप से परेशान हो गया। कॉलेज में पढ़ाई शुरू करने से पहले ही इस तरह का अनुभव होने के कारण उसने अगले दिन कॉलेज प्रबंधन को शिकायत सौंपकर अपना दाखिला रद्द करने की मांग की। इसके बाद वह वापस अपने घर लौट गया। छात्र के इतनी जल्दी कॉलेज छोड़ने का मामला सामने आने के बाद रैगिंग की रोकथाम और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
राजकीय नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शबिस्ता नाज ने बताया कि छात्र की ओर से दिया गया शिकायती पत्र प्राप्त हो गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।






