महिला की मौत के बाद हरकत में आया प्रशासन, बनभूलपुरा में तीन क्लीनिकों पर जड़ा ताला…..

स्वास्थ्य विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, जांच में कागजात नहीं मिले तो बंद कराए क्लीनिक

हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में इलाज के नाम पर संचालित हो रहे क्लीनिकों को लेकर प्रशासन अब सख्त हो गया है। महिला की इलाज के दौरान मौत के मामले के बाद मंगलवार को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में अभियान चलाया। टीम ने कई क्लीनिकों का निरीक्षण किया। इस दौरान जरूरी पंजीकरण और दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाने वाले तीन क्लीनिकों पर सील की कार्रवाई की गई।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्या और एसीएमओ रजत भट्ट के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम पुलिस बल के साथ बनभूलपुरा क्षेत्र में पहुंची। अचानक हुई कार्रवाई से क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया। टीम ने क्लीनिकों में उपलब्ध व्यवस्थाओं के साथ ही संचालकों के पंजीकरण और संचालन से संबंधित अभिलेखों की जांच की।

जांच के दौरान तीन संचालक अपने क्लीनिक के संचालन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज टीम के सामने प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद अधिकारियों ने तीनों क्लीनिकों को तत्काल सील कर दिया। प्रशासन की कार्रवाई से क्षेत्र में बिना जरूरी अनुमति या पंजीकरण के चल रहे अन्य क्लीनिक संचालकों में भी खलबली मची हुई है।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ी व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। क्लीनिक संचालित करने के लिए निर्धारित नियमों का पालन और जरूरी पंजीकरण व दस्तावेज होना अनिवार्य है। उन्होंने संकेत दिया कि शिकायत मिलने पर आगे भी ऐसे क्लीनिकों की जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisement
  • Related Posts

    लोकथात संस्कृति महोत्सव में शामिल होंगे सीएम धामी, कल पहुंचेंगे बिंदुखत्ता…

    हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार (23 नवंबर) को नैनीताल जिले के भ्रमण पर रहेंगे। इस दौरान वह लालकुआं के बिंदुखत्ता स्थित सरस्वती शिशु मंदिर मैदान में आयोजित लोकथात संस्कृति…

    बेटे को थाने बुलाने से नाराज मां चढ़ी टावर पर, पुलिस के फूले हाथ-पांव…

    किशोरी से छेड़छाड़ के आरोप में बेटे को पूछताछ के लिए बुलाने से थी नाराज रुद्रपुर। बेटे को पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए थाने बुलाए जाने से नाराज एक महिला…