रायपुर में महिला के अपहरण के प्रयास के बाद हरिद्वार पहुंचे थे आरोपी, वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार समेत सामान बरामद
हरिद्वार। सिडकुल थाना पुलिस ने तमंचे के बल पर बाइक, मोबाइल और पर्स लूटने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार, आरसी, आधार कार्ड, पर्स और एक हजार रुपये बरामद किए हैं। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, अन्नेकी हेतमपुर रोशनाबाद निवासी पंकज कुमार ने 24 सितंबर को सिडकुल थाने में तहरीर देकर बताया था कि रानी रो नदी के पास दोपहर के समय चार अज्ञात युवकों ने तमंचे के बल पर उसकी पल्सर बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने दीपक और आकाश उर्फ पहाड़ी को नवोदय स्कूल के सामने लगने वाली पीठ मैदान के पास से गिरफ्तार कर लिया।
रायपुर में महिला के अपहरण के प्रयास का भी कनेक्शन
पूछताछ में दीपक ने पुलिस को बताया कि 23 सितंबर को थाना रायपुर, देहरादून में महिला के अपहरण के प्रयास के मामले में गिरफ्तारी के डर से वह अपने साथियों के साथ कार से हरिद्वार आया था। अगले दिन दीपक और उसके तीन साथियों ने पेंटागन मॉल के पीछे नदी के पास शराब पी। इसके बाद पैसों की कमी होने पर उन्होंने नदी किनारे कार खड़ी की और कच्चे रास्ते से गुजर रहे बाइक सवार को तमंचा दिखाकर पल्सर बाइक, मोबाइल और पर्स लूट लिया।
आरोपियों ने बताया कि उनके दो साथी लूटी गई बाइक और मोबाइल बेचने के लिए गए हैं, जो अभी वापस नहीं लौटे हैं। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपी: दीपक (21), निवासी खागा, फतेहपुर, हाल निवासी विष्णु लोक कॉलोनी रानीपुर, हरिद्वार और आकाश उर्फ पहाड़ी (26), निवासी पौड़ी, हाल निवासी विष्णु लोक कॉलोनी रानीपुर, हरिद्वार।






