हल्द्वानी। आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कर भूमि विवाद, सड़क, बिजली बिल, मृत्यु प्रमाण पत्र, भरण-पोषण और कॉलेज प्रबंधन समिति समेत विभिन्न मामलों का मौके पर निस्तारण किया। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
रेशमबाग निवासी रेखा ने पति के नाम दर्ज करीब तीन बीघा पैतृक भूमि पर कब्जा नहीं मिलने की शिकायत की। आयुक्त ने भूमि अभिलेखों की जांच कर दोनों पक्षों को अगली जनसुनवाई में तलब किया। पंचशील कॉलोनी के लोगों ने जर्जर और जलभराव वाले मार्ग की मरम्मत की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी को जिला खनन न्यास निधि से सड़क निर्माण/मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।
मुक्तेश्वर टैक्सी यूनियन ने भटेलिया से मुक्तेश्वर तक शटल सेवा शुरू करने की मांग उठाई। आयुक्त ने आरटीओ और संबंधित अधिकारियों से स्टैंड, शौचालय तथा वाहनों की फिटनेस संबंधी रिपोर्ट मांगी। वहीं पुराने विद्युत बिल को किस्तों में जमा करने के मामले में यूपीसीएल अधिकारियों को उपभोक्ता की सुविधा के अनुसार मासिक किस्त की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में सामग्री के 8.86 लाख रुपये के भुगतान, आधार कार्ड, दो व्यक्तियों के नाम एक आधार संख्या, मृत्यु प्रमाण पत्र सुधार, भूमि विक्रय, कॉलेज में प्रबंधन समिति गठन तथा भरण-पोषण से जुड़ी शिकायतें भी पहुंचीं। आयुक्त ने अधिकांश मामलों का मौके पर समाधान कराया। शिकायतों के निस्तारण पर फरियादियों ने आयुक्त और संबंधित अधिकारियों का आभार जताया।






