वीडियो फुटेज से होगी अराजकता फैलाने वालों की पहचान, ट्रबल मेकर्स की सूची तैयार; निरोधात्मक कार्रवाई शुरू
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के दौरान निकाली गईं रैलियां अब प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के लिए परेशानी का सबब बन सकती हैं। लोक सेवकों के विधिवत आदेशों का उल्लंघन करते हुए बिना अनुमति भारी संख्या में रैलियां निकालने, अराजकता फैलाने और यातायात व्यवस्था प्रभावित करने के मामले में नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है।
पुलिस के अनुसार नामांकन के दौरान कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कई स्थानों पर कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई और जाम की स्थिति बनी। मामले में वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। पुलिस ने सदोष अवरोध, बलवा, लोक सेवक के विधिसम्मत आदेश की अवहेलना तथा लापरवाही और उपेक्षापूर्वक वाहन चलाने जैसी धाराओं में कार्रवाई शुरू की है।
नामांकन रैलियों में बिना अनुमति बड़े वाहनों के इस्तेमाल को भी पुलिस ने गंभीरता से लिया है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
ट्रबल मेकर्स की सूची तैयार
आगामी चुनावी प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की हिंसा, अराजकता या संगीन अपराध को रोकने के लिए पुलिस ने संभावित ट्रबल मेकर्स की सूची भी तैयार कर ली है। सूची में शामिल लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया है और इसके नाम पर कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने चेतावनी दी है कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान उपद्रव, हिंसा अथवा विधि-विरुद्ध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।






