नौ लाख रुपये कीमत के लीसे के साथ चालक गिरफ्तार, पुलिस-वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई
रामनगर। अवैध लीसा तस्करी के खिलाफ रामनगर पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कैंटर से 390 टीन अवैध लीसा बरामद किया है। बरामद लीसे की अनुमानित बाजार कीमत करीब नौ लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को रामनगर कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कैंटर में अवैध लीसा सीताबनी रोड की ओर से आने वाला है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने पुलिस टीम को रवाना किया और वन विभाग को भी सूचना दी। इसके बाद टेढ़ा वन बैरियर पर पुलिस और वन विभाग की संयुक्त चेकिंग शुरू की गई।
इसी दौरान कैंटर संख्या UK18CA-9562 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन के अंदर से 390 टीन अवैध लीसा बरामद हुआ। पूछताछ में चालक की पहचान प्रेम सिंह (39) पुत्र स्वर्गीय टीकम सिंह, निवासी च्यूटीगाढ़, धारी, नैनीताल के रूप में हुई।
पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेते हुए आरोपी के खिलाफ रामनगर कोतवाली में FIR संख्या 300/2026, धारा 26/52 भारतीय वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।






