प्रेम संबंध, धमकी और ब्लैकमेलिंग ने रची खूनी साजिश, गंगा घाट पर सोते युवक को चापड़ से काटा…..

Spread the News

अज्ञात शव की गुत्थी सुलझी, बिजनौर का निकला मृतक पत्नी ने बुलाया था मिलने, पति ने भाई और साथी के साथ मिलकर की हत्या

हरिद्वार। दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में मिले अज्ञात युवक के शव की गुत्थी हरिद्वार पुलिस ने चार दिन में सुलझा ली। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बिजनौर निवासी 50 वर्षीय गोपाल पुत्र उमा चरण के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने हत्या के आरोप में एक दंपती को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में कथित प्रेम संबंध, धमकी, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी और ब्लैकमेलिंग के बाद हत्या की सनसनीखेज साजिश का खुलासा हुआ।

17 सितंबर की सुबह मिला था अज्ञात शव

पुलिस के मुताबिक 17 सितंबर की सुबह सिटी हरिद्वार कोतवाली क्षेत्र के दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव मिला था। मृतक के पास बिजनौर की बस का टिकट मिला, लेकिन पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं था। इसके बाद पुलिस ने आसपास के थानों और सीमावर्ती जनपदों में मृतक की पहचान के प्रयास शुरू किए। 20 सितंबर को हरिद्वार पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान गोपाल निवासी नई बस्ती, आबकारी चौकी के पास, बिजनौर के रूप में की।

मृतक के बेटे आशु कुमार की तहरीर पर कोतवाली नगर हरिद्वार में मुकदमा दर्ज किया गया।

पत्नी से संबंध बना तो पति ने रची हत्या की साजिश

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि नरेंद्र का मेरठ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। इसी दौरान गोपाल के संपर्क में आने के बाद उसकी पत्नी से बातचीत शुरू हुई। पुलिस के अनुसार बाद में दोनों के बीच संबंध बन गए। गोपाल महिला पर परिवार छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बनाने लगा। महिला के इनकार करने पर कथित तौर पर उसे अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी जाने लगी।

पुलिस के मुताबिक रक्षाबंधन के दौरान महिला बिजनौर में गोपाल से मिलने पहुंची थी। इसी दौरान पति को दोनों के संबंधों की जानकारी हुई और विवाद बढ़ गया। महिला ने परेशान होकर पति को पूरी बात बताई। इसके बाद नरेंद्र ने पत्नी, अपने भाई और गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर गोपाल को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

गंगा घाट पर बुलाया और सोते ही कर दिया हमला

पुलिस के अनुसार साजिश के तहत 16 सितंबर को महिला ने गोपाल को हरिद्वार मिलने के लिए बुलाया। रात में वह उसे गंगा घाट पर ले गई। वहां शराब और खाना खाने के बाद गोपाल घाट पर सो गया। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे नरेंद्र और अन्य आरोपियों ने चापड़ और छुरी से वार कर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपियों ने मृतक का मोबाइल फोन और पर्स निकालकर गंगा में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में नरेंद्र और उसकी पत्नी को 21 सितंबर को मोतीचूर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोहे का चापड़ भी बरामद किया है।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

नरेंद्र पुत्र ओम प्रकाश, निवासी ग्राम मोमिनपुर दर्गो भारेरा, कोतवाली बिजनौर, उम्र 40 वर्ष।

नरेंद्र की पत्नी, उम्र 36 वर्ष।

पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

  • Related Posts

    डीएम की सख्ती का असर, गुंडा एक्ट में 165 मामलों का निस्तारण; 90 जिला बदर…..

    Spread the News

    Spread the Newsनैनीताल। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने अराजक तत्वों के खिलाफ सख्ती तेज कर दी है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशन में…

    सीएम धामी का नैनीताल दौरा, नंदा देवी महोत्सव में होंगे शामिल…

    Spread the News

    Spread the Newsनैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को एक दिवसीय जनपद भ्रमण पर नैनीताल पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी…