देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (NIBH) पहुंचकर अध्ययनरत बच्चों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों के बीच केक काटा और काफी समय बिताकर उनसे संवाद किया। इस दौरान बच्चों ने मुख्यमंत्री के लिए जन्मदिन का गीत गाया। बच्चों का स्नेह देखकर सीएम धामी भावुक नजर आए।
मुख्यमंत्री ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और अनुभवों के बारे में जानकारी ली तथा उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी बेहद उत्साहित दिखाई दिए। धामी ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। प्रत्येक बच्चे में अपार प्रतिभा और संभावनाएं हैं। जरूरत है कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास दिया जाए।
सहानुभूति नहीं, अवसर और सम्मान जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। दिव्यांग बच्चों को केवल सहानुभूति की नहीं, बल्कि समान अवसर और उन्हें सक्षम बनाने वाले वातावरण की जरूरत है। दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से जीवन की चुनौतियों को पार किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि समाज में प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरों की खुशी और उनका स्नेह उनके जन्मदिन का सबसे विशेष और यादगार उपहार है।
जन्मदिन को बताया नए संकल्प का अवसर
सीएम धामी ने कहा कि जब मनुष्य प्रतिदिन सुबह नींद से उठता है तो वह एक नए दिन में प्रवेश करता है। इसी तरह उनके लिए जन्मदिन भी नई ऊर्जा और नए संकल्प का अवसर है। इसी भावना के साथ वह अपने जन्मदिन पर बच्चों के बीच जाकर उनके साथ समय बिताने का प्रयास करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनआईबीएच के बच्चों सहित दिव्यांगजनों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं और प्रयास संचालित किए जा रहे हैं। दिव्यांग बच्चों को हर क्षेत्र में सक्षम बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिल रहे हैं, वे विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश के युवा उनके जन्मदिन को ‘युवा संकल्प दिवस’ के रूप में मना रहे हैं।






