भुजियाघाट में पैर फिसलने से हुआ था हादसा, राजपुरा क्षेत्र में नदी किनारे मिला शव
हल्द्वानी। भुजियाघाट के पास शनिवार को गौला नदी के तेज बहाव में बहे 17 वर्षीय किशोर आदित्य टम्टा का शव रविवार को राजपुरा क्षेत्र में नदी किनारे बरामद हो गया। किशोर का शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार रामपुर रोड के टीपी नगर क्षेत्र निवासी आदित्य टम्टा शनिवार को भुजियाघाट के पास गौला नदी के किनारे मौजूद था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह देखते ही देखते नदी के तेज बहाव में बह गया। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने किशोर की तलाश शुरू की और पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा और गौला नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। शनिवार को काफी प्रयासों के बावजूद किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका। रविवार को तलाश के दौरान राजपुरा क्षेत्र में गौला नदी के किनारे आदित्य का शव बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। आदित्य की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






