जुलूस में हथियार लहराने वालों पर पुलिस का शिकंजा, आठ गिरफ्तार; वीडियो फुटेज से होगी बाकी की पहचान….

Spread the News

रुद्रपुर। 15 अगस्त को रुद्रपुर बाजार क्षेत्र में निकाले गए जुलूस के दौरान तलवार, गंडासा, खुकरी, तमंचे और अन्य हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन कर आमजन में भय पैदा करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध दाब/गंडासे, कापे और फोल्डिंग चाकू समेत अन्य सामान बरामद किया है। इसके साथ ही पांच दोपहिया वाहनों और एक डीजे वाहन को भी सीज किया गया है।

पुलिस के अनुसार घटना के संबंध में कोतवाली रुद्रपुर में एफआईआर संख्या 422/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने जुलूस के दौरान बनाए गए वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। इसी क्रम में ट्रांजिट कैंप पुलिस ने 16 अगस्त को मोदी मैदान क्षेत्र में घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से दो अवैध कापे और एक फोल्डिंग मछलीनुमा चाकू बरामद हुआ।

इसके बाद कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने 17 अगस्त की रात ब्लॉक रोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करन साहनी और गोविन्दा गुप्ता को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से एक-एक अवैध दाब/गंडासा बरामद हुआ। मौके से तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों से संबंधित पांच दोपहिया वाहनों के आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उन्हें मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है। वहीं 15 अगस्त की घटना में प्रयुक्त एक डीजे वाहन को भी सीज किया गया है।

पुलिस कार्रवाई में करन साहनी, गोविन्दा गुप्ता, राजीव, हर्ष उर्फ भोला, अभिषेक उर्फ कालू, मोहम्मद हसन नवाब अली, सक्षम राजपुर और अभय विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया है। वहीं तीन व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 172 बीएनएसएस के तहत भी कार्रवाई की गई है।

वीडियो फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस का कहना है कि 15 अगस्त की घटना से संबंधित वीडियो फुटेज का लगातार विश्लेषण किया जा रहा है। वीडियो में दिखाई देने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान और उसकी भूमिका का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार जुलूस में हथियार लेकर शामिल होने, हथियार लहराने, आमजन में भय उत्पन्न करने अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों को साक्ष्यों के आधार पर चिन्हित किया जाएगा। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

  • Related Posts

    नशे में कार दौड़ाकर राहगीरों से अभद्रता, पुलिस ने युवकों को सिखाया सबक….

    Spread the News

    Spread the Newsहरिद्वार। शराब के नशे में वाहन चलाकर हुड़दंग मचाना और राहगीरों व महिलाओं से अभद्रता करना कुछ युवकों को भारी पड़ गया। सूचना पर बहादराबाद पुलिस ने तत्काल…

    आसमान छूने को तैयार हल्द्वानी, देशभर के रॉकेट्री सितारों का होगा महामुकाबला….

    Spread the News

    Spread the News4-5 अक्टूबर को गौलापार में ‘आकाशयान स्पर्धा’, 35 किमी ऊंचाई तक जाएगा वैज्ञानिक पेलोड हल्द्वानी। उत्तराखंड का हल्द्वानी देशभर के युवा स्पेस इनोवेटर्स और रॉकेट्री प्रतिभाओं की मेजबानी…