बाइस पुल छठ घाट पर की पूजा-अर्चना, छठी मइया से प्रदेश की सुख-समृद्धि और आरोग्यता की कामना
खटीमा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर सोमवार सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मेलाघाट स्थित बाइस पुल छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और छठ महापर्व का समापन किया। मुख्यमंत्री ने छठी मइया से प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य की कामना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वह बचपन से ही खटीमा में छठ पर्व के आयोजनों में शामिल होते रहे हैं। छठ महापर्व महिलाओं की कठिन तपस्या, आस्था और समर्पण का प्रतीक है। यह पर्व परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्यता की कामना के साथ मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि खटीमा लघु भारत की तरह है, जहां विभिन्न समाज और समुदाय के लोग सभी त्योहारों को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाते हैं। गृह क्षेत्र होने के नाते उनका प्रयास रहता है कि प्रमुख पर्वों और धार्मिक आयोजनों में लोगों के बीच मौजूद रहें। मुख्यमंत्री के घाट पहुंचने पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने खुशी जताई। पूजा-अर्चना और सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व का पारंपरिक रूप से समापन हुआ।





