हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और मारपीट के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पीड़ित की मां की तहरीर पर मुखानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त को वादिनी ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि मोहम्मद आजम ने अब्दुल्ला पेट्रोल पंप के पास ईंटों के चट्टे के पीछे उसके नाबालिग पुत्र के साथ दुष्कर्म और मारपीट की। तहरीर के आधार पर कोतवाली मुखानी में एफआईआर संख्या 126/2026 के तहत बीएनएस की धारा 115(2), 137(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उप निरीक्षक दीपा जोशी को सौंपी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस अधिकारियों को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद आजम उर्फ अफजल (40) पुत्र असलम बाग, मूल निवासी ग्राम कायमगंज, तहसील बिलासपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी भूरा मुल्ला, अब्दुल्ला पेट्रोल पंप के पास, मुखानी को 13 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि नाबालिग बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को लेकर नैनीताल पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।






