रुद्रपुर। पुलिस टीम पर फायरिंग और गोकशी मामले में फरार चल रहे अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि एक अभियुक्त अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली कि मुरादाबाद निवासी मोइन कुरैशी अपने साथी के साथ बाजपुर की ओर गोमांस की तस्करी के लिए आने वाला है। सूचना पर पुलिस द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-74 स्थित कनौरा तिराहे पर चेकिंग शुरू की गई। पुलिस को देखकर संदिग्ध बाइक सवार भाग निकले। पीछा करने पर उनकी बाइक आम के बाग के पास अनियंत्रित होकर गिर गई। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में मोइन के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी फरार हो गया। पुलिस ने मोइन को दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा वह जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। आरोपी के पास से बरामद मांस के गमांश होने की पुष्टि हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने उत्तराखंड और मुरादाबाद क्षेत्र में गोकशी और तस्करी से जुड़े होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार आरोपी समय पहले ही हल्द्वानी जेल से रिहा हुआ है। आरोपी के खिलाफ बाजपुर थाने में शस्त्र अधिनियम और उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।





