धर्मांतरण मामले में पुलिस की सख्त कार्रवाई, महिला सहित चार गिरफ्तार….

Spread the News

ऊधमसिंहनगर। खटीमा के चर्चित धर्मांतरण प्रकरण में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को पैसों का लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करते थे। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, 23 मई 2026 को खटीमा निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया कि उसके पति समेत कुछ लोगों द्वारा उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा था। शिकायत में गाली-गलौज, धमकी और बच्चों को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी जैसे आरोप भी लगाए गए। इसी आधार पर कोतवाली खटीमा में संबंधित धाराओं के साथ उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस का दावा है कि एक आरोपी द्वारा आम लोगों, विशेषकर थारू समाज एवं गरीब परिवारों को बीमारी, पारिवारिक परेशानियों और आर्थिक समस्याओं से राहत दिलाने का भरोसा दिलाते हुए धर्म परिवर्तन के बदले आर्थिक

सहायता का लालच दिए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार, आरोप है कि धर्म परिवर्तन करने पर प्रतिमाह धनराशि और एकमुश्त सहायता देने की बात कही जाती थी।

10 मई 2026 को दर्ज कराई गई एक अन्य शिकायत में आरोप लगाया गया कि कुछ लोग थारू बाहुल्य गांवों और गरीब परिवारों को प्रार्थना सभाओं में बुलाकर धार्मिक साहित्य वितरित कर धर्म परिवर्तन के लिए प्रभावित करने का प्रयास कर रहे थे। शिकायत में यह भी आरोप है कि विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी जाती थी। इस मामले में भी पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी स्तर की निगरानी में की गई कार्रवाई के दौरान 27 मई को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, एक आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसकी जांच में कथित तौर पर प्रार्थना सभाओं, आर्थिक लेनदेन और धर्मांतरण से संबंधित सामग्री मिलने का दावा किया गया है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी शेष है और मामले की जांच जारी है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि किसी भी व्यक्ति द्वारा लालच, भय या दबाव के माध्यम से धर्म परिवर्तन कराने अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयासों पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था और सभी वर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।

  • Related Posts

    माता के दर्शन कर लौट रही श्रद्धालु की मौत….

    Spread the News

    Spread the Newsटनकपुर। विश्व विख्यात मां पूर्णागिरि मंदिर के दर्शन कर वापस लौट रही महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला के परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही उसका…

    बकरीद से पूर्व पुलिस और प्रशासन ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, 8:00 बजे ईदगाह और 8:30 बजे जामा मस्जिद में पढ़ी जायेगी नमाज……

    Spread the News

    Spread the Newsहल्द्वानी। बकरीद से पूर्व बुधवार को पुलिस और प्रशासन के संयुक्त टीम ने शहर के बनभूलपुरा क्षेत्र में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन ने लोगों से त्योहार को…