
हल्द्वानी। गौलापार के विजयपुर गांव में सुखी नदी पर पुल बनाए जाने की मांग ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। मंगलवार को भारी संख्या में एसडीएम कोर्ट पहुंचे ग्रामीणों ने पुल निर्माण की मांग करते हुए जोरदार प्रदर्शन कर तहसीलदार कुलदीप पांडे को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि विजयपुर को जाने वाले रास्ते के बीच सूखी नदी पर पुल के निर्माण के लिए सरकार और प्रशासन को वर्षों से कई बार अवगत कराने के बाद भी इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ज्ञापन के मुताबिक बताया कि बरसात विजयपुर एक घनी घनी आबादी वाला क्षेत्र है। विजयपुर आने जाने के रास्ते के बीच सूखी नदी पड़ती है। बरसात के समय नदी में पानी आ जाने की वजह से आवागमन पूरी तरह से ठप हो जाता है। लोग अपनी जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर हो जाते हैं। नदी आने पर स्कूली बच्चे स्कूल नहीं जा पाते हैं जिससे उनकी पढ़ाई पर भी फर्क पड़ता है।गर्भवती महिलाओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है, कई बार तो शव यात्राओं को भी रोकना पड़ता है साथ ही ग्रामीण अपनी कृषि उपज मंडी तक समय से नहीं पहुँचा पाते हैं।
पूर्व में इस नदी पर पुल निर्माण किए जाने का शिलान्यास भी किया गया लेकिन कई वर्ष बीतने के बाद भी कोई कार्य नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने कहा कि बरसात में क्षेत्र की पीड़ा को समझते हुए हुए शीघ्र ही कागजी कार्यवाही पूर्ण कर इस पुल का निर्माण करवाने की कृपा करें जिससे कि विजयपुर निवासियों को होने वाली परेशानी से छुटकारा मिल सके साथ ही ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के अन्दर इस पत्र का सकारात्मक जवाब नहीं मिला और पुल निर्माण पर कोई अमल नहीं हुआ तो विजयपुर क्षेत्रवासी भूख हड़ताल करने के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य लीला बिष्ट, अर्जुन बिष्ट, परमानंद, शांति, गीता, कुंती देवी, किरन सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।











