हल्द्वानी। 16 वर्षीय छात्र आदित्य टम्टा की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मंगलवार को मृतक के पिता अशोक कुमार टम्टा पुलिस बहुउद्देशीय भवन पहुंचे और एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नाम प्रार्थना-पत्र सौंपा। पत्र में परिजनों ने अपने बेटे की हत्या का आरोप उसके साथियों पर लगाया है। परिजनों ने मामले में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना-पत्र के अनुसार, 5 सितंबर 2026 की सुबह आदित्य के सहपाठी और एक जिम ट्रेनर उसे जिम में खेलने की बात कहकर घर से अपने साथ ले गए थे। पिता का आरोप है कि बाहर कुछ अन्य युवक-युवतियां भी मौजूद थे और बाद में सभी आदित्य को पार्टी करने के बहाने रानीबाग स्थित गौला नदी की ओर ले गए।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि वहां आदित्य के साथ विवाद हुआ और उसके सिर पर डंडे से वार कर उसे नदी में फेंक दिया गया। अगले दिन आदित्य का शव राजपुरा क्षेत्र में गौला नदी से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया।
मृतक के पिता ने अपने प्रार्थना-पत्र में कुछ युवकों और युवतियों के नाम का उल्लेख करते हुए उन पर बेटे की हत्या में संलिप्त होने का संदेह जताया है। उनका यह भी आरोप है कि घटना के बाद संबंधित जिम में रातभर कुछ लोगों की आवाजाही और बातचीत होती रही।
परिजनों का कहना है कि वे काठगोदाम थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराने के लिए दो बार पहुंचे, लेकिन उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। अब उन्होंने एसएसपी नैनीताल से मामले का संज्ञान लेते हुए FIR दर्ज कराने और निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई के लिए काठगोदाम पुलिस को निर्देशित करने की मांग की है।






