महिला की मौत के बाद हरकत में आया प्रशासन, बनभूलपुरा में तीन क्लीनिकों पर जड़ा ताला…..

स्वास्थ्य विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, जांच में कागजात नहीं मिले तो बंद कराए क्लीनिक

हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में इलाज के नाम पर संचालित हो रहे क्लीनिकों को लेकर प्रशासन अब सख्त हो गया है। महिला की इलाज के दौरान मौत के मामले के बाद मंगलवार को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में अभियान चलाया। टीम ने कई क्लीनिकों का निरीक्षण किया। इस दौरान जरूरी पंजीकरण और दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाने वाले तीन क्लीनिकों पर सील की कार्रवाई की गई।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्या और एसीएमओ रजत भट्ट के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम पुलिस बल के साथ बनभूलपुरा क्षेत्र में पहुंची। अचानक हुई कार्रवाई से क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया। टीम ने क्लीनिकों में उपलब्ध व्यवस्थाओं के साथ ही संचालकों के पंजीकरण और संचालन से संबंधित अभिलेखों की जांच की।

जांच के दौरान तीन संचालक अपने क्लीनिक के संचालन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज टीम के सामने प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद अधिकारियों ने तीनों क्लीनिकों को तत्काल सील कर दिया। प्रशासन की कार्रवाई से क्षेत्र में बिना जरूरी अनुमति या पंजीकरण के चल रहे अन्य क्लीनिक संचालकों में भी खलबली मची हुई है।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ी व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। क्लीनिक संचालित करने के लिए निर्धारित नियमों का पालन और जरूरी पंजीकरण व दस्तावेज होना अनिवार्य है। उन्होंने संकेत दिया कि शिकायत मिलने पर आगे भी ऐसे क्लीनिकों की जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई जारी रहेगी।

  • Related Posts

    नैनीताल जिले के इन क्षेत्रों में महसूस हुए भूकंप के झटके, घरों से बाहर निकले लोग

    हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी, लालकुआं समेत आसपास के कई इलाकों में मंगलवार रात भूकंप के हल्के झटके महसूस किए जाने की सूचना है। धरती में कंपन महसूस होते ही…

    ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई, 30.87 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार…

    रामनगर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत रामनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 30.87 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के…