बनबसा: पशुओं के लिए चारा लेने गई महिला को जंगली जानवर ने मार डाला, महिला के चीखने की आवाज सुन पहुंची साथी महिलाएं

Spread the News

चंपावत। जिले के बनबसा में चारा लेने जंगल गई बनबसा के सुदूरवर्ती मझगांव निवासी एक महिला को जंगली जानवर ने हमला कर मार डाला। सूचना पर पुलिस और वन विभाग टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वन विभाग की टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला पर हमला करने वाला जानवर कौन सा है। वन विभाग के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।

बुधवार सुबह मझगांव निवासी बिरमा देवी (50) पत्नी उदय चंद पशुओं के लिए चारा लेने अन्य महिलाओं के साथ जंगल गई थीं। सभी महिलाएं कुछ-कुछ दूरी पर चारा काट रही थीं। करीब 11 बजे साथ गईं महिलाओं ने बिरमा देवी के चीखने की आवाज सुनी तो सभी आवाज आने वाली दिशा की ओर शोर मचाते हुए दौड़ीं। महिलाओं ने बिरमा देवी को किसी जंगली जानवर द्वारा घसीटते हुए देखकर शोर मचाया। अधिक दूरी होने के कारण महिलाएं स्पष्ट नहीं देख पाई की जानवर कौन सा था।

घटनास्थल से करीब डेढ़ किमी दूर महिला का क्षत-विक्षत शव मिला। प्रशासक दीपक प्रकाश चंद की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने बताया कि महिला की जान किस जानवर ने ली है, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के असल कारणों का पता चल सकेगा। इधर, घटना से मझगांव, देवीपुरा और गुदमी में शोक की लहर के साथ ही ग्रामीणों में दहशत है।जंगली जानवर के हमले में जान गंवाने वाली बिरमा देवी का पति उदय चंद मेहनत मजदूरी करता है। उनकी एक एक ही बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। पूर्वी तराई वन प्रभाग खटीमा की एसडीओ संचिता ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मौत किसी जंगली जानवर के हमले में होने का अंदेशा है। पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि वन विभाग के नियमों के तहत मृतका के परिजनों को तत्काल राहत राशि और उचित मुआवजा दिलाने के लिए उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है।ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र के विभिन्न गांवों के आसपास कई दिनों से तेंदुआ दिखाई दे रहा है। इससे उनके लिए दिन में भी बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। मझगांव, देवीपुरा, गुदमी, लटाखल्ला, भैंसाझाला, बमनपुरी, चंदनी, फागपुर, सेना छावनी और एनएचपीसी के आसपास आए दिन तेंदुए की गतिविधि देखी जा रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाने की मांग की है।

बनबसा में जंगली जानवर के हमले में मौत का यह दूसरा मामला है। इससे पूर्व 23 मई 2024 को हुड्डी नदी किनारे एक महिला को तेंदुए ने हमला कर मार डाला था।

  • Related Posts

    हल्द्वानी में क्रिकेट के नाम पर ठगी का खेल, पूर्व विधायक सहित अन्य हुए ठगी का शिकार…..

    Spread the News

    Spread the Newsहल्द्वानी। अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में आयोजित किए जाने वाले क्रिकेट मैचों से पहले ही बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। EVCL के बैनर तले प्रस्तावित क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन…

    पार्टी ने राधा पर जताया विश्वास, दी नई जिम्मेदारी….

    Spread the News

    Spread the Newsहल्द्वानी। पूर्व पार्षद वार्ड नंबर 12 राधा आर्या को उनके संगठन के प्रति समर्पण,मेहनत व लगन को देखते हुए, अखिल भारतीय राष्ट्रीय कॉंग्रेस द्वारा नई जिम्मेदारी सौंपी गई…