हल्द्वानी। दुकान के आगे गाड़ी हटाने के लिए कहने पर पुलिसकर्मीयों द्वारा दुकानदार को घसीटते हुए वाहन 112 में बैठाने का वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो के वायरल होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार बेस अस्पताल के निकट एक व्यक्ति चाय का खोखा चलाते हैं। शनिवार की सुबह एक पुलिसकर्मी ने उनकी दुकान के आधे कार खड़ी कर दी। इस पर दुकानदार ने वाहन हटाने को कहा, आरोप है कि इस बात से गुस्साए पुलिस कर्मी ने पहले दुकानदार को गालियां दी फिर डायल 112 पर कॉल कर पुलिसकर्मियों को बुला लिया। एक एसआई और दो कांस्टेबल पहुंचे और दुकानदार को घसीटते हुए गाड़ी में बैठाकर ले गए। पुलिस की इस दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिस पर लोग पुलिसकर्मी की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। हल्द्वानी कोतवाल विजय सिंह मेहता ने बताया कि पहले दुकानदार द्वारा पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता की गई जिसके लिए दुकानदार ने हीरानगर चौकी में माफीनामा भी दिया है।











