ऊधमसिंहनगर: केलाखेड़ा मशरूम प्लांट हादसा, एक मजदूर की मौत, 12 घायल……

Spread the News

ऊधमसिंहनगर। जिले में केलाखेड़ा के भव्वानगला गांव में बृहस्पतिवार रात भयंकर हादसा हो गया। यहां एक मशरूम प्लांट में अचानक रैक टूट गया और भारी मात्रा में जैविक खाद का मलबा मजदूरों पर गिर पड़ा। मलबे में दबने के कारण एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा मजदूर घायल हो गए। घायलों को बाजपुर और काशीपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर चार घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। भारी मशक्कत के बाद रैक के नीचे दबे मजदूरों को मलबा हटाकर बाहर निकाला गया। मजदूरों की गिनती से पता चला कि प्लांट में उस समय कुल 23 मजदूर काम कर रहे थे।

हादसे में घायल जय सिंह, रेशमा, राधा, गणेश, विजयपाल, पोला, भोली, परमजीत कौर समेत अन्य मजदूरों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। घायलों में एक गर्भवती महिला भी शामिल है, जिसकी कमर में दर्द की शिकायत पर एक्स-रे किया गया और उसे प्राइवेट रूम में भर्ती किया गया। अस्पताल में तीमारदारों की भारी भीड़ लगी रही।

देर रात जिला अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने मौके पर मौजूद पीएमएस डॉ. आरके सिंह को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। जिलाधिकारी ने हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश भी दे दिए हैं,और मृतक महिला के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना जताई। साथ ही प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

महिला मजदूर की मौत के बाद शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया, लेकिन पोस्टमार्टम से इनकार करते हुए परिजन शव को सीधे ले जाने की जिद पर अड़ गए। पुलिस से बहस के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई, हालांकि अधिकारियों ने समझा-बुझाकर परिजनों को शांत किया।

सीओ विभव सैनी ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन लगभग चार घंटे चला। मलबे में दबे मजदूरों को निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने बताया कि प्लांट में क्षमता से अधिक मशरूम बैग लोड किए जा रहे थे, जिससे रैक एक ओर झुककर गिर गया और यह हादसा हो गया।

जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी ने अस्पताल में मौजूद 25 तीमारदारों के खाने और रहने की व्यवस्था करवाई। मौके पर एसडीएम बाजपुर डॉ. अमृता शर्मा सहित कई अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।

  • Related Posts

    पीली कोठी क्षेत्र में सड़क किनारे रखें पाइपों से टकराई कार, हादसे में डॉक्टर घायल…..

    Spread the News

    Spread the Newsहल्द्वानी। शहर में चल रहे विकास कार्यों में हुई विभागीय लापरवाही के चलते सड़क दुर्घटना में एक डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल डॉक्टर का निजी…

    रसोई गैस की किल्लत के खिलाफ कांग्रेसियों का प्रदर्शन, सिलिंडर को श्रद्धांजलि दे अनोखे अंदाज में जताया विरोध…..

    Spread the News

    Spread the Newsहल्द्वानी। रसोई गैस की किल्लत, बढ़ती कीमतों और कालाबाजारी के खिलाफ कांग्रेसी नेता हेमंत साहू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बुद्ध पार्क में जोरदार प्रदर्शन किया। रविवार को…