– मोबाइल पर रील बनाने को लेकर हुई थी कहासुनी, कुछ देर बाद कमरे में लटका मिला शव
– लालकुआं क्षेत्र की घटना, आठवीं में पढ़ती थी तीन भाइयों की इकलौती बहन
हल्द्वानी। जिस घर में कुछ देर पहले तक सामान्य दिनचर्या चल रही थी, वहां भाई की डांट के बाद ऐसा मातम पसरा कि परिवार की खुशियां ही उजड़ गईं। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार देर रात उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजन उसे लेकर एसटीएच पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली किशोरी सोशल मीडिया पर रील बनाती थी। मंगलवार रात भी वह काफी देर तक मोबाइल चलाती रही। इस पर उसके बड़े भाई ने उसे टोका और डांट दिया। इसके कुछ समय बाद परिजनों ने उसे कमरे में फंदे से लटका देखा। परिवार के लोग तत्काल उसे अस्पताल ले गए, मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मोबाइल चलाने और रील बनाने को लेकर भाई के टोकने की बात सामने आई है। किशोरी तीन भाइयों की इकलौती बहन थी। उसकी मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






