216 ग्राम स्मैक बरामद, आरोपी हिमाचल प्रदेश में भी एनडीपीएस मामले में जा चुका है जेल
हल्द्वानी। एसओजी और कोतवाली हल्द्वानी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान 216 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत करीब 64.80 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी बुलंदशहर से स्मैक खरीदकर हल्द्वानी लाया था। वह पूर्व में हिमाचल प्रदेश में एनडीपीएस के मामले में जेल भी जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री के मिशन ड्रग फ्री देवभूमि और ऑपरेशन प्रहार के तहत एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 16 नवंबर को एसओजी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मंडी क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी गेट के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 216 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतीश कुमार (30) पुत्र ईश्वरी प्रसाद निवासी गालिबपुर, थाना डिबाई, जिला बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह हल्द्वानी की बड़ी मंडी में सब्जी का काम करता है। पैसों के लालच में गांव के एक व्यक्ति के कहने पर बुलंदशहर से स्मैक खरीदकर लाया था। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। उसके खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्रवाई करने वाली टीम को एसएसपी नैनीताल ने 2500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।





