
हल्द्वानी। पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालकुआं और हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने शनिवार को अलग-अलग कार्रवाई में दो महिलाओं सहित कुल छह नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। लालकुआं में पुलिस ने तस्करों से 200 नशीले इंजेक्शन, जबकि हल्द्वानी में 6.50 ग्राम स्मैक बरामद की। दोनों थानों में अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

हल्द्वानी लालकुआं कोतवाली पुलिस ने कोतवाल दिनेश सिंह फर्त्याल और एसओजी प्रभारी संजीत राठौड़ के नेतृत्व में सुभाष नगर बैरियर पर संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान अभियुक्त मोहम्मद अकरम हुसैन उर्फ मुला को पकड़ा। वह उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस (UP25FT-4177) से यात्रा कर रहा था और एक थैले में 200 नशीले इंजेक्शन ले जा रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि ये इंजेक्शन उसने बहेड़ी, बरेली के रिहान और मुस्तफा से खरीदे थे।

लालकुआं अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में धारा 8/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। बरामद इंजेक्शनों में 100 वल्कन बुप्रेनॉर्फिन (2 एमएल), 75 फेनिरामाइन मेलिएट (एविल-10 एमएल) और 25 पकाविल (10 एमएल) शामिल हैं। गिरफ्तारी टीम में संजीत राठौड़, उ.नि. सोमेंद्र सिंह, कांस्टेबल दिलीप कुमार, आनंदपुरी, तरुण मेहता, संतोष बिष्ट (एसओजी) और चंदन बिष्ट (एसओजी) शामिल थे।











