रुद्रपुर। देवर के साथ घर लौट रही भाभी के साथ तमंचे की नोंक पर सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। आरोप है कि देवर के दोस्तों ने ही किच्छा बाइपास रोड पर बीएचइएल कंपनी के पीछे सुनसान जगह पर तमंचे की नोक पर घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रुद्रपुर के भदईपुरा निवासी महिला ने कोतवाली पहुंचकर बताया कि रविवार की रात को वह अपने देवर के साथ गांधी पार्क में सरस मेला देखने गई थी। रात को दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। महिला का कहना है कि उन्हें इंदिरा चौक से घर जाना था, लेकिन देवर के दोस्तों ने किच्छा बाइपास रोड से चलने का दबाव बनाया। देवर और वह एक बाइक पर थे। दोस्त दूसरी बाइक पर चल रहे थे। बीएचइएल कंपनी के पीछे सुनसान सड़क पर पहुंचते ही देवर के दोस्तों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि देवर के दोनों दोस्तों ने उसके साथ बारी-बारी से तमंचे व चाकू के बल पर दुष्कर्म किया। इसके बाद तीसरे युवक को भी कॉल कर बुलाया और दुष्कर्म करने को कहा, लेकिन तीसरा युवक मौके पर आकर चला गया। रात को किसी तरह वह देवर के साथ वापस घर पहुंची और पति व घरवालों को आपबीती सुनाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। टीम युवकों की तलाश में जुट गई है।











