हल्द्वानी। काठगोदाम क्षेत्र में गुरुवार रात कौलटैक्स नहर में बह गए 35 वर्षीय युवक को पुलिस और फायर सर्विस के जवानों ने अदम्य साहस दिखाते हुए सकुशल रेस्क्यू कर लिया। रात के अंधेरे और तेज बहाव के बीच जवानों ने नहर में उतरकर युवक की तलाश की और उसे सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार 20 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे सूचना मिली कि नरोत्तम पुत्र पुरुषोत्तम, निवासी विकासपुरी, केजी-2 दिल्ली, कौलटैक्स नहर में बह गया है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान के निर्देशन में उपनिरीक्षक दलीप, उपनिरीक्षक कुमकुम और कांस्टेबल प्रताप गढ़िया मौके पर पहुंचे। फायर सर्विस की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कांस्टेबल प्रताप गढ़िया और फायरमैन रविचंद्र रजवार ने बिना देरी के तेज बहाव वाली नहर में उतरकर युवक की तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयास के बाद दोनों जवानों ने युवक को खोज निकाला और सकुशल नहर से बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के तुरंत बाद युवक को मौके पर मौजूद डायल-112 वाहन से अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में 108 एंबुलेंस मिलने पर उसे एंबुलेंस में शिफ्ट किया गया, जिसके बाद सुशीला तिवारी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
पुलिस और फायर सर्विस के जवानों की त्वरित कार्रवाई और साहस से युवक की जान बच गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर सर्विस टीम के इस साहसिक कार्य की जमकर सराहना की।






