देहरादून। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय ने प्रदेश में पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया है। रिक्त पदों को भरने के लिए जारी आदेश में 14 अधिकारियों को अलग-अलग जनपदों और पुलिस इकाइयों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। नई तैनाती पाने वालों में एक सहायक पुलिस अधीक्षक, 10 सीधी भर्ती के पुलिस उपाधीक्षक और तीन पदोन्नत अधिकारी शामिल हैं।

आदेश के तहत आईपीएस अधिकारी देव व्रत जोशी (आरआर 2023 बैच) को सहायक पुलिस अधीक्षक के पद पर हरिद्वार भेजा गया है। वहीं पदोन्नति के बाद राजेश साह को बागेश्वर, प्रदीप पंत को 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार और नदीम अतहर को आईआरबी द्वितीय देहरादून में तैनाती मिली है।
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद दक्ष शोखंद को हरिद्वार, दिव्येश उपाध्याय को पौड़ी गढ़वाल, अंकित थपलियाल को ऊधम सिंह नगर और लव शर्मा को नैनीताल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा तनुजा बिष्ट को टिहरी गढ़वाल, आदित्य तिवारी को देहरादून, समीरण भट्ट को नैनीताल, दीप्ति कैड़ा को पिथौरागढ़, अवनी तिवारी को रुद्रप्रयाग और विनय सिंह को नैनीताल में तैनात किया गया है।
पुलिस मुख्यालय के आदेश के बाद सभी अधिकारियों के नई तैनाती वाले स्थानों पर कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया शुरू होगी। अधिकारियों की तैनाती से विभिन्न जनपदों और पुलिस इकाइयों में रिक्त पदों को भरने के साथ पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।






