
हल्द्वानी। गैस आपूर्ति में हो रही व्यवस्थाओं सहित अन्य समस्याओं को लेकर सोमवार को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने SDM कोर्ट में प्रदर्शन किया। इस दौरान नवनियुक्त अध्यक्ष इंजीनियर सुमित कुमार के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया कि वर्तमान समय में गैस की अनियमित आपूर्ति के कारण आम जनमानस को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों के चलते छोटे व्यापारियों एवं रेहड़ी-पटरी संचालकों (वेंडर्स) पर आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।
युवा कांग्रेस ने मांग की कि जब तक गैस संकट पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता, तब तक प्रभावित छोटे व्यापारियों एवं वेंडर्स को सरकार द्वारा बेरोजगारी भत्ता प्रदान किया जाए, ताकि वे अपने परिवार का भरण-पोषण सुचारू रूप से कर सकें। इसके अतिरिक्त विवाह समारोहों में वर्तमान में आवंटित दो गैस सिलेंडरों की संख्या बढ़ाने की भी मांग की गई, जिससे सामाजिक कार्यक्रमों में आ रही कठिनाइयों को दूर किया जा सके।
ज्ञापन में गैस की आपूर्ति को सुचारू किए जाने तथा कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की गई। इस दौरान महासचिव मोहम्मद अनस, प्रदेश महासचिव स्वाति जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष जूही चौपाल, ब्लॉक अध्यक्ष नदीम सैफी, ब्लॉक अध्यक्ष उमेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष अर्जुन टम्टा, आसिफ अली (पूर्व प्रदेश महासचिव) सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











