कॉरपोरेट आउटिंग के दौरान वारदात का आरोप, कोर्ट में पेशी के बाद दोनों आरोपित जेल भेजे गए
रामनगर। रामनगर के सांवल्दे स्थित एक रिसॉर्ट में दिल्ली की कंपनी की कॉरपोरेट आउटिंग के दौरान युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 62 और 64 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को कोर्ट में पेशी के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली निवासी युवती ने तहरीर में बताया कि वह दिल्ली की यूकॉन्सेप्ट्स सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत है। कंपनी के दस वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 24 और 25 अक्टूबर को रामनगर स्थित जंगल ट्रेल रिसॉर्ट में कॉरपोरेट आउटिंग आयोजित की गई थी। इसमें कंपनी की सेल्स टीम के सदस्य भी शामिल हुए थे।
युवती का आरोप है कि 24 अक्टूबर की रात उसे रिसॉर्ट के कमरा नंबर 311 में बुलाया गया और शराब पिलाई गई। इसके बाद पुणे की चंद्रगुप्त सोसाइटी निवासी शुभम भाटला (24) ने उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने दिल्ली निवासी अपने दूसरे सहकर्मी सौरभ ठाकुर (28) पर भी दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगाया।
युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।






