गाजियाबाद से नैनीताल घूमने जा रहे दंपति हादसे का शिकार, पत्नी घायल
रामनगर। काशीपुर-रामनगर मार्ग पर पीरूमदारा के पास देर रात करीब डेढ़ बजे डंपर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो चालक गाजियाबाद निवासी यतीश यादव (निवासी शाहपुर बमेठा, थाना वेब सिटी) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी शीतल गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।
बताया गया कि यतीश पत्नी के साथ गाजियाबाद से नैनीताल घूमने जा रहे थे। पीरूमदारा के पास डंपर संख्या एचआर38एसी-4554 के चालक के दूसरे वाहन को ओवरटेक करने के दौरान गलत साइड आने से स्कॉर्पियो से टक्कर हो गई। भिड़ंत में स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को रामनगर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने यतीश को मृत घोषित कर दिया।
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। डंपर को कब्जे में लेकर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतक यतीश बास्केटबॉल खिलाड़ी थे और उन्होंने खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 में प्रतिभाग किया था। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।






