हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल शनिवार को अचानक हल्द्वानी तहसील के औचक निरीक्षण को पहुंचे। जिलाधिकारी के अचानक पहुंचने पर तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई। तहसील पहुंचे डीएम रयाल ने फ़ाइलों और रजिस्टरों की जांच के साथ ही कर्मचारियों से सवाल जवाब किए। इस दौरान तहसील में मौजूद कर्मी दबी जुबान में फुसफुसाते नजर आए। डीएम ने एसडीएम राहुल शाह और तहसीलदार कुलदीप पांडे को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
डीएम रयाल ने बताया कि जन सामान्य से संबंधित मूलभूत मुद्दों जैसे पैमाइश, नपती, मेढ़ विवाद, गुल अवरोध तथा कुर्रे बनाने जैसे मसलों पर तहसील कर्मियों से अपडेट लिया गया है। इसमें कुछ कार्य कर्मियों द्वारा कर लिया गया है और बचे हुए कार्य को समय से निपटाने के लिए उन्हें निर्देशित किया गया है। सड़क चौड़ीकरण पर भी संबंधित अधिकारियों से अपडेट लिया गया है।
उन्होंने बताया कि बढ़ती ठंड के चलते नगर निगम को चौराहों पर अलाव की व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया गया है। रेन बसेरों में भी व्यवस्थाओं को ठीक किए कहा गया है।











