हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के जवाहर नगर वार्ड नंबर-14 में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मकान के अंदर युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर निवासी अमन ठाकुर के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि अमन बनभूलपुरा में परवीन नाम की महिला के साथ रह रहा था। बुधवार सुबह मकान में युवक का शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, युवक के साथ रहने वाली महिला परवीन की तलाश की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।






