हरिद्वार। जयमाला में दूल्हा दुल्हन के बीच हुआ विवाद बढ़ने पर दुल्हन ने शादी से नकार कर दिया। इस दौरान दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे और उसके पिता को बंधक बना लिया। वहीं इस दौरान विवाह समारोह में भारी हंगामा होता रहा।
जानकारी के अनुसार हरिद्वार जिले के लक्सर में थाना खानपुर क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में रुड़की से बारात पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जयमाला से पूर्व दूल्हा दुल्हन में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते-देखते विवाद बढ़ गया।
इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। दुल्हन पक्ष ने आरोप लगाया कि दूल्हा बेरोजगार है ये बात हमसे छिपाई गई है। इसके बाद माहौल गरमा गया।
आरोप है कि गुस्साए दुल्हन पक्ष ने दूल्हे और उसके पिता और एक अन्य बाराती को बंधक बना लिया। गांव में अफरा-तफरी मच गई और शादी का मंडप अखाड़े में तब्दील हो गया। सूचना मिलते ही खानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया।
पुलिस की मध्यस्थता से बंधकों को छुड़ाया गया, लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। इज्जत बचाने और विवाद निपटाने के लिए दूल्हा पक्ष को मोटी रकम हर्जाने के तौर पर चुकानी पड़ी। इसके बाद कहीं जाकर बारात को बिना दुल्हन के लौटने की इजाजत मिली।
पुलिस ने बताया कि मामला संज्ञान में आया था, जहां पर वर माला के दौरान दुल्हन पक्ष और दूल्हा पक्ष के बीच में कुछ कहासुनी हो गई थी, जिसमें दुल्हन पक्ष के लोगों ने शादी से इनकार कर दिया था। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को सख्त हिदायत दी गई है। थाना अध्यक्ष ने बताया कुछ देर के बाद ग्राम प्रधान द्वारा सूचित किया गया था कि दोनों पक्षों में आपस में समझौता हो गया है। बारात को बिना दुल्हन लिए वापस भेज दिया गया है।











