झनकईया में शंकर राय की टपरी पर अचानक पहुंचे मुख्यमंत्री, चाय की चुस्कियों के बीच जाना लोगों का हाल
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार सुबह खटीमा के झनकईया क्षेत्र में अपने अलग और सहज अंदाज में नजर आए। मुख्यमंत्री अचानक शंकर राय चायवाले की टपरी पर पहुंचे और न सिर्फ चाय की चुस्कियों का आनंद लिया, बल्कि खुद अपने हाथों से चाय बनाकर वहां मौजूद लोगों को भी पिलाई।
मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच देखकर चाय की टपरी पर मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। सीएम ने पूरी आत्मीयता के साथ चाय बनाई और लोगों को परोसी। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों, युवाओं और स्थानीय लोगों से अनौपचारिक बातचीत कर उनका हालचाल जाना। चाय की चुस्कियों के बीच मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर उनसे फीडबैक लिया।
मुख्यमंत्री का यह सहज अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शाशनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





