Chardham Yatra 2026: श्रद्धालुओं के मोबाइल चुराने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 4 शातिर गिरफ्तार…..

Spread the News

चमोली। जिले की पुलिस ने चारधाम यात्रा (Chardham Yatra 2026) के दौरान श्रद्धालुओं का कीमती सामान व महंगे मोबाइल चुराने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13 महंगे मोबाइल फोन और नगदी बरामद की है। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह केदारनाथ में श्रद्धालुओं के कीमती सामान पर हाथ साफ करने के बाद बद्रीनाथ में वारदात करने की फिराक में था।

जानकारी के मुताबिक, श्री बद्रीनाथ थाने की पुलिस को अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह के भीड़ में घुल-मिलकर श्रद्धालुओं का ध्यान भटकाने के बाद उनके कीमती सामान पर हाथ साफ करने की गोपनीय सूचना मिली। बताया गया कि यह गिरोह विशेष रूप से स्नान घाटों और मंदिर परिसर जैसे अधिक भीड़ वाले इलाकों में एक्टिव है।

इसके साथ ही पिछले दिनों पौड़ी जिले के नरेश चन्द्र नामक शख्स ने श्री बद्रीनाथ थाने की पुलिस को गर्भ गृह में दर्शन-पूजन के दौरान अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज (आईडी, डीएल, पैन कार्ड), एटीएम और 10 हजार रुपए चोरी होने की शिकायत सौंपी। इस पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू की। वहीं, एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने एक स्पेशल एंटी थेप्ट स्क्वाड का गठन किया।

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद सर्विलांस और सटीक सूचना के आधार पर 4 संदिग्धों को चिह्नित करके उनकी घेराबंदी की गई और हनुमान चट्टी के पास 2 संदिग्ध गाड़ियों को रोका गया। बकौल पुलिस, वाहनों की सघन तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से करीब ₹14 लाख कीमत के कुल 13 हाई-एंड मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इसके साथ ही पुलिस को आरोपियों के पास से कथित तौर पर चोरी की वारदातों से जुटाए गए ₹58,860 भी मिले हैं। पुलिस के अनुसार, घटना में इस्तेमाल किए गए दोनों वाहनों को भी सीज किया गया है।

पंजाब व राजस्थान के रहने वाले हैं आरोपी, महिला भी है शामिल

पुलिस ने बताया है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। सभी आरोपी पंजाब व राजस्थान के रहने वाले हैं। पुलिस ने भटिंडा (पंजाब) के मोरमंडी थाना क्षेत्र निवासी 28-वर्षीय कृष्ण कुमार व 25-वर्षीय दिया को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही भरतपुर (राजस्थान) के 26-वर्षीय सुनील कुमार व अलवर (राजस्थान) के 31 वर्षीय ललित कुमार को भी पुलिस ने पकड़ा है।

कौन से ब्रांड व मॉडल के मोबाइल फोन हुए बरामद?

पुलिस ने बताया है कि आरोपियों के पास से अलग-अलग मॉडल के 7 आईफोन और सैमसंग S24 अल्ट्रा मॉडल के 3 मोबाइल फोन मिले हैं। वहीं, आरोपियों के कब्जे से कथित तौर पर वनप्लस 10R, रेडमी नोट 13 और रियलमी 13 प्रो के 1-1 मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।

पुलिस ने लोगों से अपील

पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में वे अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। इसके साथ ही उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पास में तैनात पुलिसकर्मी या सहायता केंद्र को देने को भी कहा है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद मोबाइल फोनों की तस्वीरें जारी की हैं। पुलिस ने कहा है कि जिन भी व्यक्तियों के मोबाइल फोन खोए हैं, वे इन तस्वीरों के जरिए अपने फोन की पहचान कर सकते हैं। बकौल पुलिस, यदि आपका फोन बरामद सामान में शामिल है, तो आप उससे संबंधित वैध दस्तावेज (जैसे बिल या बॉक्स) सोनप्रयाग थाने या बद्रीनाथ कोतवाली में पेश कर सकते हैं। पुलिस ने कहा है कि जरुरी कानूनी कार्रवाई के बाद लोग अपना मोबाइल फोन प्राप्त कर सकते हैं।

  • Related Posts

    मगरमच्छ के हमले में वृद्धा की मौत….

    Spread the News

    Spread the Newsऊधमसिंहनगर। जिले के नानकमत्ता में पशुओं के लिए घास काट रही महिला को मगरमच्छ ने मार डाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी…

    बनभूलपुरा में अतिक्रमण पर गरजा नगर निगम का बुलडोजर, कबाड़ियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई…

    Spread the News

    Spread the Newsहल्द्वानी। नगर निगम द्वारा शनिवार को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान आबादी क्षेत्र में खोली गई कबाड़ की दुकानों के क खिलाफ भी सख्त कार्रवाई…