
अल्मोड़ा। बकाया विद्युत बिलों की वसूली पर सख्ती करते हुए यूपीसीएल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के भाई दीपक आर्या के गोदाम का बिजली कनेक्शन काट दिया। जानकारी के अनुसार गोदाम पर 94 हजार 610 रुपये का बिल बकाया था।दीपक आर्या, ताकुला ब्लॉक प्रमुख मीनाक्षी आर्या के पति हैं। विभाग की इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि बकाया वसूली अभियान में किसी को भी राहत नहीं दी जाएगी। बकाया बिल पर ऊर्जा निगम ने सरकारी विभागों पर भी कार्रवाई करते हुए कई विभागों के कनेक्शन काट दिए।
अधिशासी अभियंता कन्हैया मिश्रा ने बताया कि बकाया बिलों की वसूली के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कनेक्शन काटने से पहले सभी उपभोक्ताओं को नोटिस दिया गया था। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पूर्व बकाया बिल जमा करने की अपील की है। ऊर्जा निगम द्वारा अब तक करीब 6 करोड़ रुपये की वसूली की जा चुकी है।











