ऊधमसिंहनगर। भ्रष्टाचार के खिलाफ की जा रही ताबड़तोड़ कार्रवाई के तहत विजिलेंस ने थाना दिनेशपुर में तैनात एएसआई अनवर अहमद को 15 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने विजिलेंस में शिकायत की कि थाना गदरपुर में दर्ज बिजली चोरी के मुकदमे को निपटाने के नाम पर एएसआई अनवर अहमद ने उससे 15 हजार की घूस की मांगी थी। शिकायत मिलने पर सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी की टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंहनगर द्वारा संबंधित अधिकारी को निलंबित किया गया था। अब विजिलेंस की कार्रवाई के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है। विजिलेंस टीम आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी है। जनपद में इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।











