मुकेश बोरा ने मंत्री सौरभ बहुगुणा का जताया आभार, 14 सितंबर का वृद्धि आदेश अग्रिम आदेश तक स्थगित
लालकुआं। बरसात, दैवीय आपदा और आगामी त्योहारी सीजन के बीच दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को बड़ी राहत मिली है। पशु आहार की दरों में की गई वृद्धि के आदेश को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। इससे नैनीताल जिले के करीब 34 हजार और पूरे प्रदेश के करीब 55 हजार दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को राहत मिलेगी।
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने पशुपालकों पर पड़ने वाले अतिरिक्त आर्थिक भार का हवाला देते हुए दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा को पत्र भेजकर 14 सितंबर को जारी पशु आहार की दरों में वृद्धि के आदेश पर पुनर्विचार का आग्रह किया था। मामले का संज्ञान लेते हुए मंत्री ने सचिव डेयरी विकास विभाग और प्रबंध निदेशक यूसीडीएफ को आवश्यक निर्देश दिए।
इसके बाद 14 सितंबर 2026 को जारी पशु आहार की दरों में वृद्धि एवं अनुदान में संशोधन संबंधी आदेश को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया गया। आदेश में पशु-पक्षी आहार, मिनरल मिक्सचर, कॉम्पैक्ट फीड तथा साइलेज-भूसा की दरों में वृद्धि की गई थी।
मुकेश बोरा ने कहा कि वर्तमान में बरसात और दैवीय आपदा के कारण पशुपालक पहले ही आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में पशु आहार की कीमतों में बढ़ोतरी से उनकी परेशानी और बढ़ सकती थी। उन्होंने पशुपालकों के हित में दर वृद्धि आदेश स्थगित करने के लिए मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार जताया।






