
नैनीताल। आज सुबह हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्र को जा रही केमू की बस यूके 04 पीए 1112 हादसे का शिकार हो गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई जबकि आठ घायल हो गए। घायलों का नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्र के लिए कैमू की बस रवाना हुई।बताया जा रहा है कि बस ने भवाली को जा रहे टैक्सी वाहन को ओवरटेक (पास) करने की कोशिश की, तभी दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
अचानक हुए इस हादसे से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय लोगों ने किसी तरह बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई जबकि आठ अन्य घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीक के अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।











