हल्द्वानी। जन्मदिन की पार्टी कर लौट रही शिक्षिका के साथ स्कूटी सवार युवकों द्वारा छेड़छाड़ किए जाने से गुस्साए शिक्षिका के भाइयों ने स्कूटी सवार युवकों की जम कर धुनाई कर दी। मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती किया गया है। मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर सौंपी है। पुलिस ने कार को सीज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुनस्यारी निवासी युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि यहां वह कठघरिया में रहती है,और निजी स्कूल में शिक्षिका है। बताया कि शनिवार की रात वह अपनी बहन का बर्थडे मनाने के लिए भाइयों के साथ भुजियाघाट गई थी। रात को जब वह घर लौट रहे थे तो स्कूटी सवार दो युवक उनका पीछा करने लगे। इस बीच युवक कमेंट भी कर रहे थे। कहा कि युवकों की इस हरकत का भाइयों ने विरोध किया तो स्कूटी सवारों और उनमें विवाद हो गया। कहा कि गुस्साए कार सवार चार-पांच युवकों ने स्कूटी सवारों को पीट दिया। इसमें एक युवक को गंभीर चोट आ गई। एसएसआई महेंद्र प्रसाद ने बताया कि हंगामा करने वाले कार सवार नशे की हालत में थे। कार को सीज कर दिया है। मामले में पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर की जांच कर रही है।











