उत्तराखंड: आफत बनकर बरस रहे बदरा, अब बागेश्वर में मची तबाही…..

बागेश्वर। जिले में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। अतिवृष्टि से हुए भूस्खलन से कई मकानों में मलबा भर गया। इस तबाही में दो महिलाओं बसंती देवी और बछुली देवी की मौत हो गई। वहीं रमेश चंद्र जोशी, गिरीश चंद्र और पूरन चंद्र लापता हैं।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार तड़के बागेश्वर जिले के पौंसारी गांव में बादल फट गया। बादल फटने के साथ हुई भारी वर्षा से चारों तरफ तबाही फैल गई। भारी बारिश से हुए भूस्खलन के कारण एक मकान में भारी मात्रा में मलबा भर गया। मलबे में दबने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन लापता हैं।

जानकारी पर जिले के डीएम आशीष भटगांई और विधायक सुरेश गढ़िया ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया। राहत बचाव दल मलबा हटाने और लापता लोगों की तलाश में लगे हैं। लगातार हो रही बारिश से क्षेत्र में संचार सुविधाएं बाधित होने से समन्वय में दिक्कतें आ रही हैं।

भारी बारिश से कपकोट क्षेत्र में भी जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बीती रात से शुक्रवार सुबह तक यहां 100 एमएम से अधिक बारिश रिकार्ड की गई। अतिवृष्टि और भूस्खलन से हरसीला–जगथाना मार्ग बैसानी से आगे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। मालूखेत मैदान के पास सड़क का 20 मीटर से ज्यादा हिस्सा बह गया है। वहीं, चचई क्षेत्र की पंपिंग योजना बह गई है और कई पैदल पुल टूट गए हैं।

ग्राम सभा सुमटी में जमीन धंसने की खबर है, जबकि ग्राम बैसानी में प्रेम सिंह पुत्र भगवत सिंह का मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया। कई ग्रामीणों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और खेत-खलिहान मलबे से पट गए हैं। प्रशासन ने प्रभावितों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है और प्रभावित गांव में राहत कार्य जारी हैं।

Related Posts

नैनीताल पुलिस ने 250 लोगों के चेहरों पर लौटाई मुस्कान, 55.25 लाख के गुम मोबाइल बरामद

जुलाई से 4 नवंबर तक अलग-अलग राज्यों से खोज निकाले 250 मोबाइल फोन, एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर मोबाइल ऐप सेल की बड़ी कामयाबी हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने गुम…

घर के निकट ही तेंदुए ने किशोर को बनाया निवाला, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम….

लोहाघाट। क्षेत्र के सुड डूंगरी गांव में तेंदुए ने घर के पास ही 13 वर्षीय किशोर पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना से गांव में दहशत…