एक सप्ताह में 2674 वाहनों की जांच, 3135 लोगों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
हल्द्वानी। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नैनीताल पुलिस ने एक सप्ताह तक विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। 16 से 22 नवंबर तक चले अभियान में पुलिस ने 2674 वाहनों की जांच की। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 373 वाहनों के चालान किए गए, जबकि नशे की हालत में वाहन चलाने पर चार वाहनों को सीज किया गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के तहत जिलेभर में स्कूली वाहनों के साथ यात्री वाहनों की भी सघन जांच की गई। पुलिस ने वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस, सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों के अनुपालन की पड़ताल की। स्कूली वाहनों में मिली कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश भी दिए गए।
अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों और आम लोगों सहित 3135 व्यक्तियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्हें सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा और सुरक्षित वाहन संचालन की जानकारी दी गई। नैनीताल पुलिस ने स्कूल प्रबंधन और वाहन चालकों से बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा वाहनों के दस्तावेज और फिटनेस दुरुस्त रखने की अपील की है।





