- बनभूलपुरा लाइन नंबर 17 निवासी सोनू के रूप में हुई शिनाख्त, जेब से मिले शराब के पव्वे
हल्द्वानी। शनि बाजार रोड पर शुक्रवार देर रात एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचित किया। मृतक की पहचान बनभूलपुरा के लाइन नंबर 17 निवासी सोनू (45) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मंडी चौकी के पास शनि बाजार रोड पर बनभूलपुरा की ओर जाने वाले रास्ते में स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को मृत अवस्था में पड़ा देखा। सूचना पर मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घटनास्थल बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र में होने के चलते बनभूलपुरा पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई और शव मोर्चरी में रखवा दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक के कपड़ों की तलाशी लेने पर जेब से शराब के पौव्वे मिले हैं। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अभी तक मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





