10 लाख की फूड वैन के लिए महिला समूहों को लौटाने होंगे सिर्फ 4 लाख रुपये, मंडुवा मोमोज से लेकर भट्ट की चुड़कानी तक परोसे जाएंगे पहाड़ी व्यंजन
कालाढूंगी। उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों को बाजार उपलब्ध कराने और ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में सरकार ने पहल की है। नारी शक्ति सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद नैनीताल के महिला समूहों एवं सहकारिताओं को 17 वे-साइड ईटरी (फूड वैन) की सौगात दी। ग्रामोत्थान (REAP-UGVS) परियोजना के तहत शुरू की गई इस योजना से जिले के सभी आठ विकासखंडों की महिलाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर मिलेगा।
योजना के तहत प्रत्येक फूड वैन की लागत करीब 10 लाख रुपये है, जिसमें सरकार 6 लाख रुपये यानी 60 प्रतिशत सब्सिडी दे रही है। महिला समूहों को शेष 4 लाख रुपये ही वापस करने होंगे। इससे कम पूंजी में महिलाएं अपना व्यवसाय शुरू कर सकेंगी और स्थानीय उत्पादों की बिक्री से आमदनी बढ़ा सकेंगी।
फूड वैन में मंडुवे के मोमोज, भट्ट की चुड़कानी, भट्ट के डुबके, गहत की दाल के डुबके, मंगोड़ी और भांग की चटनी समेत उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन परोसे जाएंगे। इससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को पहाड़ी खानपान का स्वाद मिलेगा, वहीं मंडुवा, भट्ट और गहत जैसे स्थानीय उत्पादों की मांग बढ़ने से किसानों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे के मार्गदर्शन में शुरू हुई इस पहल के तहत सांसद अजय भट्ट और राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने फूड वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सरकार की इस पहल से महिला समूहों को उत्पाद तैयार करने के साथ ही उनकी बिक्री और व्यवसाय संचालन से सीधे जुड़ने का मौका मिलेगा। पहाड़ी व्यंजनों को आधुनिक फूड सर्विस के जरिए बाजार मिलने से स्थानीय खाद्य संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री धामी के आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में इसे महिला स्वरोजगार की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।





