धार्मिक आयोजन बंद कराने पहुंची पुलिस पर अभद्रता और मारपीट का आरोप, महिलाओं को लाठी मारने का भी दावा
हल्द्वानी। राजपुरा चौकी क्षेत्र के लोगों ने शनिवार दोपहर चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चौकी प्रभारी को हटाने की मांग करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, शुक्रवार रात पड़ाव इलाके में श्याम बाबा का जागरण चल रहा था। इसी दौरान कुछ पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आयोजन बंद कराने का दबाव बनाने लगे। लोगों ने आयोजन समाप्त करने के लिए कुछ समय की मोहलत मांगी तो आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप यह भी है कि इस दौरान महिलाओं पर भी लाठियां चलाई गईं। पुलिसकर्मी डीजे और साउंड का सामान भी उठाकर चौकी ले गए।
घटना से आक्रोशित क्षेत्र के लोग शनिवार को एकत्र होकर राजपुरा चौकी पहुंचे और धरने पर बैठ गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से लिखित शिकायत लेकर बातचीत की। इसके बाद लोगों को शांत कराया गया।
एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।





