कालाढूंगी। चकलुवा में शादी समारोह के लिए टेंट लगाते समय 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आने से 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे युवक ने हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम हरसान निवासी अभिषेक (21) पुत्र स्वर्गीय फूल सिंह टेंट लगाने का काम करता था। गुरुवार को चकलुवा में एक शादी समारोह के लिए टेंट लगाने के दौरान अभिषेक अचानक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसे के बाद साथी उसे हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।





