उद्घाटन मुकाबलों में मेजबान इंस्पिरेशन स्कूल का दबदबा, बालक और बालिका दोनों वर्गों में दर्ज की शानदार जीत
हल्द्वानी। इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में गुरुवार को पब्लिक स्कूल एसोसिएशन के तत्वावधान में तीन दिवसीय अंतरविद्यालयी बास्केटबॉल चैंपियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में शहर के 15 स्कूलों की 28 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इनमें बालक वर्ग की 15 और बालिका वर्ग की 13 टीमें शामिल हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि सिंथिया स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. प्रवीन्द्र कुमार रौतेला ने किया। विद्यालय की चेयरपर्सन डॉ. गीतिका बल्यूटिया, संरक्षक संजय बल्यूटिया, डायरेक्टर प्लानिंग आयुषी बल्यूटिया, प्रधानाचार्य अनुराग माथुर और उपप्रधानाचार्य ममता तनेजा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि डॉ. रौतेला ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई प्रतिभा छिपी होती है। उसे निखारने का दायित्व विद्यालय का है। खेलों में नियमित भागीदारी से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को मानवता और खेल भावना को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।
मेजबान स्कूल ने दोनों वर्गों में मारी बाजी
चैंपियनशिप के उद्घाटन मुकाबले में मेजबान इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने शानदार प्रदर्शन किया। बालक वर्ग में इंस्पिरेशन ने सरस्वती अकादमी को 32-13 से हराया, जबकि बालिका वर्ग में सेक्रेड हार्ट स्कूल को 36-02 से करारी शिकस्त दी।
बालिका वर्ग के अन्य मुकाबलों में ऑरम द ग्लोबल स्कूल ने आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल को 12-00 से, एसकेएम स्कूल ने नैनी वैली स्कूल को 20-04 से और सेंट थेरेसा स्कूल ने डीपीएस को 21-12 से पराजित किया।
वहीं बालक वर्ग में क्वींस सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने सेक्रेड हार्ट स्कूल को 35-05 से, दिल्ली पब्लिक स्कूल ने ऑरम द ग्लोबल स्कूल को 31-21 से हराया। एसकेएम स्कूल ने नेमोनिक कॉन्वेंट को 32-28 से तथा एचडी फाउंडेशन ने शिवालिक स्कूल को 10-04 से शिकस्त दी।
खेल आयोजन में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में पब्लिक स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश भगत, गायत्री बल्यूटिया, मणिपुष्पक जोशी, समित टिक्कू, नेहा पॉल, जरिना रलस्टन, सुनील जोशी, सौरभ पाठक, हरीश जोशी, विक्रम कार्की, गोपाल सिंह बिष्ट, भव्य भंडारी, करनवीर गंगोला और वीबी नैनवाल सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन रश्मि भट्ट और मनमोहन जोशी ने किया। विद्यालय के प्रबंधक डॉ. दीपक बल्यूटिया ने अतिथियों, विभिन्न विद्यालयों के खेल प्रशिक्षकों और प्रतिभागी खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।





